Prayagraj: धार्मिक पर्यटन नगरी प्रयागराज में आने वाले श्रद्धालु अब 180 फीट ऊंचाई पर एयर रिवॉल्विंग रेस्टोंट के साथ ही पेरिस के एफिल टॉवर की तर्ज पर बनने वाली अनूठी रिवर आर्ट गैलरी का लुत्फ ले सकेंगे। बता दें कि, फाफामऊ 6 लेन पुल पर यह योजना प्रस्तावित है। महाकुंभ-2025 के प्रमुख प्रोजेक्ट के तौर पर रोड ट्रासंपोर्ट एवं एनएच मिनिस्ट्री के इस ड्रीम प्रोजेक्ट को अब मंजूरी मिलने के आसार नजर आ रहे हैं। संगम नगरी के फाफामऊ में बन रहे 6 लेन ब्रिज के दोनों ओर टॉवरों पर इस प्रोजेक्ट को अमली जामा पहनाया जाएगा। हालांकि 4 माह पूर्व इस प्रोजेक्ट को सड़क परिवहन मंत्रालय ने अपनी प्रायोरिटी से बाहर कर दिया था।
प्रयागराज में संगम के तीरे बनेगा रिवाल्विंग रेस्टोरेंट व रिवर आर्ट गैलरी (सांकेतिक तस्वीर)
मगर अब महाकुंभ-2025 को देखते हुए 6 लेन ब्रिज के टॉवर पर एक ओर हवा में घूमता रेस्टोरेंट वहीं दूसरी तरफ रिवर आर्ट गैलरी के प्रपोजल को मंत्रालय ने प्रायोरिटी के तौर पर शामिल कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में हुई मंत्रालय की उच्च स्तरीय बैठक में इस प्रोजेक्ट को लेकर इससे जुड़े अधिकारियों ने चर्चा की थी। मंत्रालय के आला अधिकारियों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का यह अहम प्रोजेक्ट महाकुंभ से पहले बनने की तैयारी में है।
