Prayagraj: त्रिवेणी संगम नगरी प्रयागराज में साल 2023 के आरंभ में लगने वाले माघ मेले के दौरान दारागंज रेलवे स्टेशन यात्रियों के लिए बंद रहेगा। मेला अवधि के दौरान यहां पर एक भी ट्रेन का स्टॉपेज नहीं है। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, मेला अवधि में यह व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन भी मौनी अमावस्या पर पैसेंजर्स के लिए बंद रहेगा, मगर यहां से ट्रेनों का संचालन पूर्व की भांति जारी रहेगा। बता दें कि, रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी इसके पीछे की वजह कोविड महामारी काल से पूर्व की तरह भीड़ होना बता रहे हैं।
प्रयागराज में माघ मेले के चलते दारागंज रेलवे स्टेशन रहेगा बंद
गौरतलब है कि, प्रयागराज संगम व दारागंज रेलवे स्टेशन मेले की जद में आने वाले इलाके काफी निकट है। इस्टर्न रेलवे के तहत आने वाले दारागंज रेलवे स्टेशन की अगर बात करें तो यह मुख्य सड़क से काफी ऊपर है व स्टेशन पहुंचने का रास्ता भी संकारा है। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, अगर माघ मेले के दौरान अचानक भीड़ बढ़ती है, तो वहां भगदड़ जैसी स्थिति होने का अनुमान हैं। यही वजह है कि, रेलवे की ओर से आगामी 6 जनवरी पौष पूर्णिमा से लेकर 16 फरवरी में महाशिवरात्रि तक की इस अवधि के दौरान इस रेलवे स्टेशन को पूरी तरह से बंद करने का फैसला लिया गया है।
