Prayagraj Magh Mela 2023: संगम नगरी में नए साल 2023 के मौके पर लगने वाले माघ मेले में इस बार ट्रैफिक इंतजामात संभालने के लिए 900 पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। वहीं माघ को लेकर डायवर्जन प्लान भी तैयार कर लिया गया है। जिसमें स्नान पर्व की तिथि से एक दिवस पूर्व व एक दिन बाद तक बड़े वाणिज्यिक वाहनों के लिए अंतर जिला डायवर्जन नियम लागू होगा। यातायात पुलिस की ओर से एडीजी प्रयागराज जोन प्रेम प्रकाश की मौजूदगी में हुई समीक्षा बैठक में ये जानकारी दी गई। बैठक में मेले से संबंधित तैयारियों के बारे में जानकारी ली गई।
प्रयागराज में माघ मेले का ये रहेगा डायवर्जन प्लान (प्रतीकात्मक तस्वीर)
बता दें कि, प्रयागराज के गांधी सभागार में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की मौजूदगी में हुई बैठक में चित्रकूट, भदोही व मिर्जापुर के भी अधिकारी मौजूद रहे। मेला अवधि के दौरान सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन से शटल बस सर्विस शुरू कर श्रद्धालुओं के आवागमन को और आसान बनाने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त रमित शर्मा ने नदी में तैनात पुलिस के अधिकारियों को नावों पर लाइन मार्किंग करने के निर्देश दिए, जिससे नावों के ओवरलोडिंग का अंदाजा लगाया जा सके।
