प्रयागराज में करोड़ों रुपये की नकदी मिलने के बाद एक यादव परिवार का मकान जांच के दायरे में है। नवाबगंज क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव में स्थित इस मकान में पुलिस और आयकर विभाग की जांच आगे बढ़ने के साथ नए खुलासे हो रहे हैं। अब घर के अंदर खुदाई के दौरान कई बड़े और ताले लगे बक्से मिलने की जानकारी सामने आई है।
टाइम्स नाउ नवभारत के संवाददाता विनय रघुवंशी ने मकान के अंदर खुदाई करने के बाद बाहर निकले मजदूरों से एक्सक्लूसिव बातचीत की। मजदूरों के मुताबिक, घर के अंदर अलग-अलग जगहों पर खुदाई की गई है। इस दौरान कई बड़े बक्से मिले हैं, जिन पर ताले लगे हुए थे। मजदूरों का दावा है कि इन बक्सों को आयकर विभाग और प्रशासन की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है।
मजदूरों ने बताया कि अब तक मकान के चार कमरों के फर्श की खुदाई की जा चुकी है। करीब तीन फीट तक जमीन खोदकर तलाशी ली गई है। हालांकि, इन बक्सों के अंदर क्या मिला है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
500 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलीं
गौरतलब है कि बुधवार शाम इसी मकान में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए नकदी से भरे तीन ड्रम मिलने का मामला सामने आया था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान जमीन खोदकर इन ड्रमों को निकाला गया था। इनमें 500 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलने की जानकारी दी गई थी। शुरुआती रिपोर्टों में बरामद रकम करोड़ों रुपये में होने की बात सामने आई, लेकिन इसकी कुल राशि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गुरुवार को आयकर विभाग की छह सदस्यीय टीम नोटों की गिनती के लिए नवाबगंज थाने पहुंची थी। टीम अपने साथ नोट गिनने की मशीन भी लेकर आई थी। पुलिस और आयकर विभाग नकदी के स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं।
अब घर के अंदर से ताले लगे बक्से मिलने की जानकारी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि मकान में और कितनी नकदी या अन्य कीमती सामान छिपाकर रखा गया है। हालांकि, बक्सों में नकदी, जेवरात या दस्तावेज होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। इनकी वास्तविक सामग्री जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
