शहर

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की उद्घाटन तारीख से उठा पर्दा, प्रधानमंत्री मोदी इस दिन करेंगे शुभारंभ

28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के उद्घाटन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इन्हीं तैयारियों की समीक्षा करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को नोएडा पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और जनसभा से जुड़ी तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया।

Image

प्रधानमंत्री मोदी इस दिन करेंगे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन (Photo: PTI)

Photo : PTI

Noida International Airport Inauguration: जिस पल का नोएडावासियों को इंतजार था वह नजदीक आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा का उद्घाटन करने वाले हैं। इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियों की समीक्षा करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को नोएडा पहुंचे। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से दोपहर के समय जेवर स्थित एयरपोर्ट स्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग डेढ़ घंटे तक अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उद्घाटन समारोह की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का विस्तार से जायजा लिया गया।

सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए पुलिस, यमुना प्राधिकरण और जिला प्रशासन ने बड़े स्तर पर तैयारियां की थीं। योगी आदित्यनाथ लखनऊ से हवाई मार्ग के जरिए हिंडन हवाई अड्डा पहुंचे, जहां से वह हेलीकॉप्टर द्वारा जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के लिए रवाना हुए। बैठक के दौरान अधिकारियों ने उद्घाटन समारोह की विस्तृत रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था की योजना, जनसभा में आने वाले लोगों की अनुमानित संख्या और बैठने की व्यवस्था समेत अन्य तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर किए जा रहे सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई।

पार्किंग व्यवस्था का नक्शा तैयार करने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार और विशेष सचिव ईशान प्रताप सिंह भी गौतमबुद्ध नगर पहुंचे। उन्होंने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर और जनसभा स्थल का दौरा कर सुरक्षा इंतज़ामों का निरीक्षण किया। एयरपोर्ट के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसभा के लिए पार्किंग व्यवस्था का सुव्यवस्थित नक्शा तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

कौन-कौन रहा दौरे में मौजूद?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के समय कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेघा रूपम शामिल थे। इसके अलावा यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) क्रिस्टोफ श्रेलमैन और सीओओ किरण जैन समेत कई अन्य अधिकारी भी दौरे के दौरान उपस्थित रहे।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article