PM Modi Abuse Case: बिहार में ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपशब्द कहे जाने के मामले को लेकर सोमवार को इटावा में आंदोलित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव उत्पन्न हो गया। इस दौरान दोनों ओर से नारेबाजी और पथराव हुआ।
इटावा में भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव उत्पन्न हो गया।(फोटो सोर्स: पीटीआई)
कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिहार के दरभंगा में हाल ही में इंडिया गठबंधन की 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को अपशब्द कहे जाने के विरोध में भाजपा विधायक सरिता भदौरिया की अगुवाई में शहर के नगर पालिका चौराहे पर स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रति आपत्तिजनक नारे लगाने शुरू कर दिये।
उन्होंने बताया कि जवाब में कांग्रेस कार्यालय में मौजूद कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के प्रति आपत्तिजनक नारेबाजी शुरू कर दी। बात बढ़ने पर दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं को नियंत्रित किया।
12 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कोतवाली ले गई पुलिस
कोतवाल यशवंत सिंह ने बताया कि पुलिस शांति व्यवस्था के मद्देनजर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, शहर अध्यक्ष राशिद एवं पल्लव दुबे सहित 12 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कोतवाली ले गयी। अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन ने बताया कि पथराव करने वाले लोगों की पहचान करायी जा रही है। शिनाख्त होने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
