Delhi Piragarhi Death Case: दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में तीन लोगों की मौत का मामला अब एक रहस्यमय मोड़ ले रहा है। कार के अंदर दो पुरुषों और एक महिला का शव मिलने के बाद शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का माना जा रहा था। लेकिन अब सीसीटीवी फुटेज में कार के अंदर एक ‘बाबा’ के वेश में व्यक्ति बैठा दिखाई दे रहा है, जो मामले की जांच को नई दिशा दे रहा है। पुलिस इस व्यक्ति को केस की अहम कड़ी मानकर उसकी भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।
दिल्ली पुलिस (प्रतिकात्मक फोटो)
कार में बैठा था बाबा
अधिकारियों के मुताबिक इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहा है कि एक ’बाबा’ कार में बैठा था। उन्हें उम्मीद है कि वह इस रहस्यमय मामले की ’अहम कड़ी’ साबित हो सकता है। पुलिस अब उस व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है, जो कथित तौर पर घटना के दिन तीनों से मिला था और कार में भी बैठा था, हालांकि मौतों के सही कारण का पता लगाने के लिए फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
50 मिनट तक खड़ी रही कार
पुलिस के मुताबिक, रविवार अपराह्न करीब 3.50 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन कर सूचना दी गई कि तीन लोग एक कार के अंदर बैठे हैं और उसके दरवाजे बंद हैं और वे कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। पुलिस की एक टीम पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास घटनास्थल पर पहुंची, जहां तीन लोग कार में मृत पाए गए। पुलिस ने बताया कि उसे सूचित करने से पहले कार करीब 50 मिनट तक घटनास्थल पर खड़ी थी।
जहर से मौत की आशंका
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान बापरोला निवासी रणधीर (76) और शिव नरेश सिंह (47) और जहांगीरपुरी निवासी लक्ष्मी देवी (40) और बिहार की मूल निवासी के रूप में की गई है। शुरुआती संकेत आत्महत्या की ओर इशारा कर रहे हैं और आशंका जताई जा रही है कि तीनों ने जहर मिला शीतल पेय पिया होगा। पुलिस ने कहा कि वह अब अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें ’बाबा’ के वेश में मौजूद व्यक्ति की भूमिका भी शामिल है।
(इनपुट - भाषा)
