Patna Accident: पटना में कोहरा बना काल! तीन वाहनों की जोरदार भिड़ंत, 2 लोगों की मौत

Patna Road Accident: पटना में बख्तियारपुर–मोकामा फोरलेन पर घने कोहरे के कारण भीषण हादसा हो गया। शनिवार देर रात तीन वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Patna Accident News: पटना में शनिवार देर रात घने कोहरे के कारण तीन वाहनों की टक्कर हो गई। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा पटना के बाढ़ अनुमंडल में अथमलगोला थाना क्षेत्र अंतर्गत बख्तियारपुर–मोकामा फोरलेन पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि फोरलेन के किनारे एक कंटेनर खड़ा था। कोहरा इतना घना था कि सामने कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो कंटेनर में पीछे से जा टकराई। इसके बाद स्कॉर्पियो के पीछे चल रही क्रेटा और एक अन्य गाड़ी भी आपस में भिड़ गई। इस शृंखलाबद्ध टक्कर में एक गाड़ी कंटेनर के अंदर तक घुस गई।

Accident

फाइल फोटो

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी और घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से निकालने में मदद की। एक गाड़ी में फंसे लोगों को निकालने के लिए ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक ही वाहन में सवार दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही अथमलगोला थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से पास के बख्तियारपुर अस्पताल में ले जाया गया जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और शवों की पहचान करने में जुटी है।

End of Feed