बिहार के छपरा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला, जिसे मृत समझकर अंतिम संस्कार तक कर दिया गया था, अचानक जीवित घर लौट आई। रिविलगंज प्रखंड के मोहब्बत परसा पंचायत स्थित भादपा नई बस्ती गांव की 45 वर्षीय रामा देवी मई महीने में अचानक लापता हो गई थीं। 26 मई को सरयू नदी के किनारे एक अज्ञात महिला का सड़ी-गली अवस्था में शव मिला, जिसे परिजनों ने रामा देवी समझकर पहचान लिया और अंतिम संस्कार के साथ श्राद्ध कर्म भी कर दिया।
मृत महिला स्वयं लौटी घर (सांकेतिक फोटो)
लेकिन 22 जून को जब रामा देवी खुद अपने घर लौट आईं, तो पूरा परिवार और गांव स्तब्ध रह गया। बताया जा रहा है कि वे मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और बिना किसी को बताए कोलकाता चली गई थीं। करीब एक महीने वहां रहने के बाद वे अपने दम पर वापस आ गईं। पुलिस द्वारा मिले शव का पोस्टमार्टम कराया गया था और फिर उसे रामा देवी के परिजनों को सौंप दिया गया था। इस असाधारण घटनाक्रम ने पूरे गांव को हैरानी में डाल दिया है, वहीं अब पुलिस यह जांच कर रही है कि सरयू नदी से मिला शव आखिर किसका था।
