बिहार के समस्तीपुर जिले में एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी। बीते कई दिनों से देश के विभिन्न हिस्सों से इस तरह के मामले ही सामने आ रहे हैं, जिसमें पत्नियां अपने प्रेमी संग मिलकर पति को मौत के घाट उतार रही हैं। इसी तरह की हैवानियत समस्तीपुर जिले में भी देखने को मिली। मृत बेटे के पिता ने बहू और उसके प्रेमी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके प्रेमी की तलाश की जा रही है, जो वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार है।
समस्तीपुर करंट देने से नहीं मरा पति को गला दबाकर उतारा मौत के घाट (फोटो - कैनवा)
बिहार में दिखी पत्नी की हैवानियत
पुलिस ने बताया कि यह घटना समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लगुनियां रघुकंठ वार्ड संख्या-46 की है। बताया जा रहा है कि हत्या की वारदात को शुक्रवार रात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने मृतक की पहचान सोनू कुमार (30 वर्ष) के रूप में की है। बताया जा रहा है कि सोनू कुमार की पत्नी का ट्यूशन शिक्षक हरिओम के साथ प्रेम संबंध थे। इन दोनों ने मिलकर सोनू कुमार की हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की शिकायत मिलने पर मृतक की पत्नी स्मिता झा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी हरिओम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है।
प्रेमी संग मिलकर पति को उतारा मौत के घाट
सोनू झा ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक के पिता ने बताया कि शुक्रवार रात जब वह घर लौटा, तो वह दरवाजे पर सो रहा था। सुबह परिवार को उसकी हत्या की जानकारी मिली। पुलिस हिरासत में स्मिता ने बताया कि उसके पति के साथ अक्सर विवाद होते थे और इसी दौरान वह हरिओम के संपर्क में आई। दोनों ने मिलकर सोनू को मारने की योजना बनाई।
स्मिता ने आगे बताया कि शुक्रवार रात को जब सोनू घर आया, तो उसने फिर से स्मिता के साथ मारपीट की। इसके बाद स्मिता ने हरिओम को बुलाया, और दोनों ने मिलकर सोनू पर हमला किया। सोनू को बेहोश करने के बाद, उसे बिजली का करंट लगाया गया और उसके गले को बिजली के तार से घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। हरिओम घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस ने स्मिता से पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया है और हरिओम की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
