Bihar: बिहार के गयाजी जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से कई मामलों में वांछित तीन अपराधियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया की तीनों आरोपी कई आपराधिक मामलों में वांछित थे, लेकिन इसमें से एक गयाजी में डॉक्टरों पर हुए हमले के मामले में भी वांछित था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक तमंचा, दो कारतूस और बाइक बरामद की है।
गयाजी में पुलिस मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार (फोटो - iStock)
पुलिस मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सतीश उर्फ चंदन, विक्की कुमार और आशीष के रूप में की है। अधिकारियों के मुताबिक, ये तीनों कई आपराधिक मामलों में वांछित थे और सतीश हाल ही में गयाजी जिले में एक चिकित्सक पर हुए हमले के मामले में भी वांछित था। जिला पुलिस द्वारा मंगलवार को जारी एक बयान के अनुसार, "यह मुठभेड़ सोमवार शाम हसनपुर इलाके में हुई।" पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक तमंचा, दो कारतूस और एक बाइक भी बरामद की है।
गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार हुए आरोपी
बयान में बताया गया कि सतीश अपने दो साथियों के साथ हसनपुर इलाके में छिपा हुआ था और गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की एक टीम हसनपुर पहुंची। बयान के मुताबिक, पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल पर सवार तीनों अपराधियों ने फरार होने की कोशिश की। बयान में बताया गया, "सतीश ने पुलिसकर्मियों पर गोली चलाई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई।" बयान के मुताबिक, आखिरकार पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। बयान में बताया गया कि सतीश के पैरों में गोली लगी है और सरकारी अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है।
(इनपुट - भाषा)
