Samrat Chaudhary Death Threat: बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी दी गई है। शनिवार रात एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप के जरिए एक समर्थक के मोबाइल पर धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें लिखा था कि 24 घंटे के अंदर सम्राट चौधरी को गोली मार दूंगा, सच बोल रहा हूं। इस धमकी से हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अज्ञात नंबर को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है, जिसमें साइबर सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस ने कहा है कि मोबाइल नंबर की डिटेल खंगाली जा रही है ताकि धमकी देने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा सके।
वहीं इस मामले में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि "जिसको जो करना है, करते रहें। बिहार की जनता सब जानती है। हम लोग बिहार के विकास के लिए समर्पित हैं और उसी दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।"
सूत्रों के मुताबिक, सम्राट चौधरी की सुरक्षा में तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को इस धमकी की जानकारी दे दी गई है और सभी को सतर्क कर दिया गया है। इससे पहले भी बिहार के कई राजनीतिक नेताओं को जान से मारने की धमकी मिल चुकी है, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया है।
