Patna Student Protest: पटना में शुक्रवार को शिक्षक भर्ती परीक्षा (BPSC TRE-4) को लेकर अभ्यर्थियों ने एक बार फिर से बड़ा आंदोलन छेड़ दिया। पटना कॉलेज से भारी संख्या में कैंडिडेट्स मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने निकले। उनकी मुख्य मांग है कि सरकार चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा में कम से कम 1 लाख 20 हजार सीटों पर बहाली का विज्ञापन जारी करे।
आंदोलन करते छात्र
पुलिस-प्रदर्शनकारियों में तनाव
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग लगाकर छात्रों को रोकने की कोशिश की जा रही है। पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। अभ्यर्थी CM हाउस घेराव के लिए निकले हैं।
अभ्यर्थियों का आक्रोश
अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार अपने वादे से पीछे हट रही है। पहले घोषणा की गई थी कि चौथे चरण में 1 लाख से अधिक शिक्षकों की भर्ती होगी। लेकिन हाल ही में शिक्षा मंत्री ने बयान दिया कि केवल 26,000 से अधिक पदों पर ही बहाली होगी। इससे प्रदेश भर के कैंडिडेट्स नाराज हैं और आंदोलन का रुख अख्तियार कर चुके हैं।
योग्य उम्मीदवारों के लिए अवसर की कमी
प्रदर्शनकारी उम्मीदवारों का कहना है कि बिहार में शिक्षकों की भारी कमी है और लाखों योग्य अभ्यर्थी बेरोजगार हैं। ऐसे में केवल 26 हजार पदों पर भर्ती निकालना युवाओं के साथ अन्याय है। उनका कहना है कि अगर सरकार अपने वादे पर कायम नहीं रहती तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इसके पहले भी हुए थे प्रदर्शन
इससे पहले 9 सितंबर को भी पटना की सड़कों पर हजारों अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया था। उस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी और हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। अभ्यर्थियों ने साफ कहा है कि जब तक TRE-4 में 1 लाख 20 हजार से अधिक पदों की बहाली का विज्ञापन जारी नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
