Bihar News: बिहार के खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के भेलौरी गांव में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसमें एक सौतेली मां ने अपनी आठ वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका राधा कुमारी, लालकुन शर्मा की पुत्री थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसकी सौतेली मां ममता कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि लालकुन शर्मा ने अपनी पहली पत्नी के निधन के बाद ममता से विवाह किया था। ममता की चार अन्य बेटियां भी हैं। ग्रामीणों के अनुसार, राधा की एक बहन की भी पहले संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो चुकी है, जिससे गांव में पहले से ही आशंका का माहौल था।
सौतेली मां ने 8 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या की
लालकुन शर्मा ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि ममता राधा को लंबे समय से प्रताड़ित कर रही थी और घटना वाली रात उसने राधा को छलनी से बार-बार दागकर उसकी जान ले ली। चौथम थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने इस जघन्य अपराध की पुष्टि करते हुए बताया कि ममता पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं। फिलहाल ममता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग ममता को कठोर सजा देने की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो।
