Patna News: राजधानी के दानापुर क्षेत्र अंतर्गत गाभतल के चौधराना रोड में बारात में शामिल एक युवक को गोली मार दी गई। बैंड-बाजा के शोर के बीच अपराधियों ने उसे गोली मारी और वहां से फरार हो गए। शव की शिनाख्त जहानाबाद के उत्तर सेथू इलाके में रहने वाले गणेश दत्त के बेटे अमित कुमार के रूप में हुई है। बारात में शामिल लोगों ने कॉल करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम करने के लिए भेज दिया। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
पटना में बारात के दौरान गोली मारकर युवक की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
वहीं, वारदात को लेकर थाना अध्यक्ष कमलेश्वर प्रसाद सिंह का कहना है कि, पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल का मुआयना किया। वहां खून से लथपथ एक युवक का शव पड़ा था। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया है कि, 28 साल के युवक को गोली मारने के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए।
आंख के ऊपर और सीने में लगी गोली
पुलिस का कहना है कि, अपराधियों ने अमित को दो गोलियां मारी हैं। एक गोली अमित की आंख के ऊपर और दूसरी गोली सीने में लगी है, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृत युवक के भाई अभिषेक कुमार का कहना है कि, अमित के दोस्त ने कॉल करके उन्हें घटना की सूचना दी। बता दें, अमित अपराधी था। उसके ऊपर फिरौती के लिए अगवा करने, रंगदारी के लिए शाहपुर एवं जहानाबाद थाने में केस दर्ज था। वह जमीन की खरीद-बिक्री में दलाली का काम किया करता था। वह पटना के राजाबाजार निवासी अपने दोस्त की बारात में शामिल होने जहानाबााद से पटना आया था।
अपने घर में कम ही रहता था अमित
भाई के मुताबिक, अमित अपने घर में बेहद कम रहा करता था। अक्सर वह दूसरे-दूसरे शहरों या अपने शहर में किसी और के साथ रहा करता था। कई बार परिवार वालों ने उसे डांटा-फटकारा भी था, लेकिन वह नहीं समझा। वहीं, पुलिस का कहना है कि, मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। अपराधियों की पहचान करने के लिए पुलिस की टीम घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे को तलाश रही है। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की मदद से अपराधियों की पहचान होगी। आगे कहा कि, बहुत जल्द अपराधियों को पुलिस पकड़ लेगी। हत्या जैसे संगीन अपराध करके अपराधी नहीं बच सकते हैं।
