Patna News: रविवार को मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं की गंगा स्नान के लिए शहर के घाटों पर खासी भीड़ रहेगी। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने 23 घाटों पर स्नान की व्यवस्था की है। गंगा घाटों पर 32 मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी एवं सुरक्षा बलों की तैनाती हो चुकी है। शनिवार से ही यह सभी गंगा घाटों पर तैनात हैं। रविवार की देर शाम तक यह घाटों पर अपनी पैनी नजर बनाए रखेंगे। घाट पर किसी तरह की अनहोनी नहीं हो, इसलिए छह नदी गश्ती दल का भी गठन किया गया है। सभी गंगा घाटों पर गोताखोरों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
गंगा नदी, जहां श्रद्धालु लगाएंगे आस्था की डुबकी
यह गश्ती दल गंगा नदी में तैनात रहेगा। इतना ही नहीं बहुत अधिक भीड़ को देखते हुए गंगा घाटों एवं उसके आसपास वॉच टावर बनाए गए हैं। मुख्य जगहों पर क्यूआरटी की भी तैनाती की गई है। जिला प्रशासन का कहना है कि मकर संक्रांति पर गंगा स्नान के लिए विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ रहती है। ऐसे में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
