Bhagalpur Crime News: भागलपुर के पीरपैंती इलाके में रविवार रात को उत्पाद विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जिसमें एसआई और वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। उत्पाद विभाग की टीम अवैध शराब बेचने की सूचना पर छापेमारी के लिए पहुंची थी। इस दौरान टीम ने तीन शराबियों को पकड़ लिया। लेकिन तभी ग्रामीणों ने टीम पर हमला कर दिया और तीनों शराबियों को छुड़ा लिया। ग्रामीणों ने विभाग की गाड़ी को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
उत्पाद विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला
चार बाइक पर सवार होकर पहुंचे हमलावर
यह घटना इसीपुर थाना क्षेत्र के बाघमारा चौक के पास की है। जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। जिसपर तुरंत एक्शन लेते हुए मौके पर पहुंची और छापेमारी कर तीन शराबियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान टीम को घटनास्थल से एक बोतल शराब भी बरामद हुई। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार शराबियों को वाहन में बैठाते समय वहां पर चार मोटरसाइकिल पहुंची। जिसपर करीब आठ लोग लाठी-डंडे लेकर सवार थे। इन लोगों ने उत्पाद विभाग की टीम पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने गाड़ी पर लाठी-डंडों से वार किया और आगे का शीशा तोड़ दिया। साथ ही पकड़े गए शराबियों को भी अपने साथ छुड़ा ले गए।
हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद स्थानीय थानाध्यक्ष मनीष कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक सभी हमलावर फरार हो चुके थे। घायल एसआई और चालक को प्राथमिक उपचार के बाद रेफरल अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। हालांकि इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने बताया कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।
