Walmiki Nagar Airport: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में स्थित वाल्मीकि नगर एयरपोर्ट को विकसित करने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए बगहा-2 अंचल में भूमि चिह्नित करने का कार्य तेजी से चल रहा है। बुधवार को अंचलाधिकारी (सीओ) रवि प्रकाश चौधरी ने खुद मौके पर जाकर एयरपोर्ट के आसपास की जमीन का निरीक्षण और सर्वे किया।
सांकेतिक फोटो (istock)
एयरपोर्ट के लिए 229 एकड़ भूमि की जरूरत
एयरपोर्ट संचालन के लिए कुल 303 एकड़ भूमि की जरूरत है। जिसमें से वर्तमान में केवल 73 एकड़ भूमि ही उपलब्ध है। शेष 229 एकड़ भूमि का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द ही संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। इस एयरपोर्ट को उत्तर बिहार में छोटे विमानों, खासतौर पर 19 सीटर प्लेन के संचालन के लिए विकसित किया जाएगा।
एयरपोर्ट के पूर्वी हिस्से में होगा विस्तार
सीओ ने बताया कि एयरपोर्ट के पश्चिमी हिस्से में जलभराव के कारण वहां विस्तार संभव नहीं है, इसलिए पूर्वी भाग में सरकारी भूमि की पहचान की जा रही है। यदि सरकारी भूमि नहीं मिलती है तो रैयती भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। सांसद सुनील कुशवाहा और विधायक रिंकू सिंह ने भी इस दिशा में पत्राचार किया है। इससे क्षेत्र के हवाई संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
