Patna Famous Sweets in Irctc Menu: बिहार होकर चलने वाली ट्रेनों में यहां के व्यंजन को परोसने की योजना तेज हो गई है। हाल में दही-चूड़ा, लिट्टी-चोखा, मखाने की खीर समेत आधा दर्जन व्यंजन को इंडियन रेलवे कैटरिंग टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) ने अपने मेन्यू में शामिल किया है। इसी कड़ी में अब चार मिठाइयां भी मेन्यू में शामिल होने वाली हैं। रेल यात्री अब सफर में पटना के मनेर का लड्डू, सिलाव का खाजा, पंडारक का रसगुल्ला, भोजपुर जिले के उदवंत नगर का प्रसिद्ध खुरमा खा सकेंगे। इनके अतिरिक्त भी कई व्यंजनों एवं उत्पादों को रेल यात्रियों को उपलब्ध कराया जाएगा।
मनेर स्थित दुकान में रखा फेमस लड्डू, जिसे आईआरसीटीसी मेन्यू में शामिल कर रहा है।
दरअसल, उद्योग विभाग द्वारा स्थानीय ग्रामोद्योग में उत्पादित होने वाले उत्पादों की आपूर्ति को लेकर तैयारियां चल रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर ग्रामोद्योग से जुड़े उद्यमियों को इस योजना के तहत बड़ा बाजार मिल जाएगा। देशभर के लोग इन उद्यमियों के उत्पादों से अवगत हो पाएंगे।
