Vaishali Cylinder Blast: वैशाली जिले के पातेपुर में रसोई गैस सिलेंडर में बड़ा ब्लास्ट हो गया। जिससे आग लगने से दर्जनों इसकी चपेट में आ गए। इस घटना में एक 22 वर्षीय महिला की झुलसकर मौत हो गई है। साथ ही एक बच्ची भी घायल हो गई है। इस घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। साथ ही प्रशासन की टीम भी मौके पर घटनास्थल पहुंच गई है और मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
सिलेंडर ब्लास्ट से दर्जनों घरों में लगी आग
दूध गर्म करने के दौरान फटा सिलेंडर
वैशाली के पातेपुर प्रखंड स्थित मरूई पंचायत से यह दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां दूध गर्म करने के दौरान गैस सिलेंडर अचानक ब्लास्ट हो गया। इस घटना में एक महिला की मौके पर मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान जयकिशन मंडल की नव विवाहित 22 वर्षीय पुत्री मौसम कुमारी के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार इस हादसे में एक छोटी बच्ची भी गंभीर रूप से झुलस गई है।
आग की लपटों के कारण पड़ोस के घरों में दो और सिलेंडर भी फट गए। तीन सिलेंडरों के ब्लास्ट होने से एक दर्जन घर जलकर राख हो गए। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। इस दर्दनाक घटना से कई लोग बेघर हो गए। पुलिस ने मृतक महिला के शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
