Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर में ई-रिक्शा में आग लगने से एक महिला जिंदा जल गई। इस हादसे में जलने से महिला की मौके पर मौत हो गई है। इस हादसे में एक ही परिवार के अन्य 5 लोग घायल हो गए हैं, जिसमें से एक महिला गंभीर रूप झुलस गई है। इन सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह दुखद घटना गुरुवार की सुबह सात बजे दरभंगा फोरलेन पर गायघाट के बेरुआ में हुई।
ई-रिक्शा की बैटरी में ब्लास्ट के बाद लगी आग (प्रतीकात्मक तस्वीर)
ई-रिक्शा में कैसे लगी आग
ई-रिक्शा, जो दरभंगा की ओर जा रहा था, में अचानक बैटरी ब्लास्ट के कारण आग लग गई। इस हादसे में मधुबनी के खजौली थाना क्षेत्र के डुमरियाही के एक ही परिवार के पांच लोग झुलस गए। मृतक महिला की पहचान कमरुन खातून (50) के रूप में हुई, जो मौके पर ही जिंदा जल गईं। घायलों में एक अन्य महिला, जैनब खातून (70), की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
ई-रिक्शा में की बैटरी में कब हुआ ब्लास्ट
जानकारी के अनुसार, पूरा परिवार ई-रिक्शा में शादी समारोह में शामिल होन के लिए गया था। समारोह में शामिल होने के बाद ई-रिक्शा चला रहे साजिद हुसैन और उनके परिवार के अन्य सदस्य घर लौट रहे थे, तभी अचानक ई-रिक्शा की बैटरी में ब्लास्ट होने के कारण यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने साजिद और उनके परिवार के अन्य सदस्यों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसमें कमरुन खातून की स्थिति अत्यंत गंभीर थी।
घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया और बाद में एसकेसीएमएच के बर्न वार्ड में रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। एएसपी पूर्वी शहरेयार अख्तर ने घायलों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की और कमरुन खातून के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवार ने शव का पोस्टमार्टम न कराने की मांग की, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाया कि यह आवश्यक है।
