देश

Patna Firing: 'मेरे घर के बाहर गोली चली या चलवाई गई'? पॉश इलाके में फायरिंग पर तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार को घेरा

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा, आज मेरे आवास के बाहर गोली चलाई/चलवाई गई है। एनडीए के राक्षस राज में सत्ता संरक्षित अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि खुलेआम फायरिंग करते घूम रहे हैं।

Image

तेजस्वी यादव का नीतीश सरकार पर हमला

Photo : PTI

Tejashwi Yadav: बिहार की राजधानी पटना के पॉश इलाके पोलो रोड में फायरिंग की घटना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने इस घटना को लेकर राज्य की नीतीश कुमार सरकार को घेरा और कई गंभीर आरोप लगाए। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि आज मेरे आवास के बाहर गोली चली या चलवाई गई है? एनडीए के राज में सत्ता संरक्षित अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि अपराधी हाई सिक्योरिटी जोन में खुलेआम फायरिंग करते घूम रहे हैं।

खबरदार! कोई इसे जंगलराज कहेगा तो?

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, आज मेरे आवास के बाहर गोली चलाई/चलवाई गई है। एनडीए के राक्षस राज में सत्ता संरक्षित अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि अपराधी हाई सिक्योरिटी जोन में कुछ ही दूरी पर जहां राज्यपाल आवास राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, नेता प्रतिपक्ष आवास, न्यायाधीश आवास और एयरपोर्ट है, वहां खूंखार अपराधी खुलेआम फायरिंग करते घूम रहे हैं। खबरदार! कोई इसे जंगलराज कहेगा तो? वैसे भी कल प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं इसलिए गोदी मीडिया को सकारात्मक छवि बनाए रखनी है।

पोलो रोड पर नेताओं-मंत्रियों के आवास

पटना के पॉश इलाके पोलो रोड में विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव सहित कई वरिष्ठ मंत्रियों के घर हैं। बताया जाता है कि अपराधी राहुल कुमार की हत्या की नीयत से आए थे, जब उनका निशाना चूक गया तो वे फरार हो गए। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई।

बाइक सवार बदमाशों ने की थी फायरिंग

पुलिस का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, जिससे हमलावरों की पहचान करने में मदद मिल सके। बताया जा रहा है कि दो अपराधी एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधी गिरफ्तार हो जाएंगे। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए इलाके में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि और जानकारी मिल सके।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें