बिहार में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक को लगी गोली; 5 लाख की फिरौती बनी गले की 'फांस'

बिहार के गोपालगंज में 5 लाख की रंगदारी मांगने वाले बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश को गोली लगी है। आरोपियों के पास से देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए गए हैं।

गोपालगंज : जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सवरेजी गांव में मंगलवार को पुलिस और रंगदारी मांगने वाले अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि एक अन्य अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए हैं। घायल अपराधी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। हथुआ के एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि मीरगंज के एक स्वर्ण व्यवसायी से अपराधियों ने पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। व्यवसायी ने इसकी शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद पुलिस ने एक सुनियोजित रणनीति के तहत कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने व्यवसायी को एक लाख रुपये लेकर अपराधियों से मिलने भेजा, ताकि उन्हें रंगे हाथों पकड़ा जा सके। जैसे ही पुलिस टीम ने अपराधियों को घेरने की कोशिश की, अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलीबारी की, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लगी। इस मुठभेड़ में पुलिस ने दो अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

Crime

मुठभेड़ (सांकेतिक फोटो)

बदमाशों के पास से मिली ये चीजें

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए गए हैं। घायल अपराधी की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसे गोपालगंज सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती किया गया है। पुलिस ने दोनों अपराधियों के खिलाफ हथियार अधिनियम और रंगदारी के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, अन्य संभावित संलिप्त अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है।

End of Feed