Bihar Weather Today: बिहार में मानसून एक्टिव हो गया है। लंबे समय से रूठा हुआ मानसून अब मेहरबान नजर आ रहा है। बारिश की राह देख रहे लोगों का इंतजार आखिरकार अब खत्म हो गया है। बिहार में बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है। करीब 16 से 17 दिनों से लोग यहां अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे। लेकिन उस दौरान मानसून की नराजगी लोगों के लिए मुसीबत बन गई थी। मौसम विभाग ने बिहार में मौसमी गतिविधियों के अनुसार विभिन्न प्रकार के अलर्ट जारी किए हैं। कहीं अति भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं कई जिलों में भारी बारिश और अधिकतर जिलों में वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आइए इस बीच आपको बताएं कैसा रहेगा आप राज्य में मौसम का हाल -
बिहार का मौसम
बिहार में भारी बारिश में अलर्ट
बिहार में रूठा हुआ मानसून मेहरबान होने लगा है। कई जिलों में विभिन्न प्रकार का अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच बेगूसराय, मुंगेर और बांका में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। उसके साथ भागलपुर, खगड़िया, समस्तीपुर, लखीसराय और जमुई में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और गया में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में हल्की बारिश और वज्रपात की आशंका
मौसम विभाग ने बिहार के अधिकतर जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, शिवहर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, भोजपुर, बक्सर, पटना, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, गया, रोहतास, कैमूर और औरंगाबाद जिले में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है।
दो दिन में आकाशीय बिजली से 20 लोगों की मौत
बिहार में दो दिनों में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 20 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को 12 लोगों की और पिछले 24 घंटे में 8 लोगों की मौत हुई। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान राशि देने के निर्देश जारी किए हैं।
