Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 26-June-2025: मानसून पूरे बिहार को कवर कर चुका है और लगभग सभी जिलों में बारिश आ रही है। पिछले दो दिनों से बारिश की रफ्तार में थोड़ी कमी जरूर देखी गई थी, मगर अब मौसम फिर करवट लेने को तैयार है। पटना मौसम विभाग के अनुसार, आज बुधवार को बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। पूरे बिहार के सभी जिले में बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश का यह दायरा बढ़कर लगभग पूरे बिहार को अपनी चपेट में ले सकता है।
बिहार में आज भी जारी रहेगा बारिश का दौर
आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम
बिहार में एक बार फिर भारी बारिश की चेतावनी लौटी है। दो दिनों तक येलो अलर्ट से मौसम विभाग का काम चल जा रहा था लेकिन IMD ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में आज मूसलाधार बारिश के साथ बिजली चमकने-गरजने की संभावना है इसके साथ ही उत्तर पूर्वी हिस्सों में ठनका भी गिरने की संभावना अधिक है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आज इन इलाकों में होगी बारिश
पूरे बिहार में आज बारिश की संभावना है। सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, और कटिहार जिलों के अनेक स्थानों पर आज बारिश होगी। इसके अलावा, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया जिलों के कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। पटना, मुजफ्फरपुर, गया, दरभंगा, अरवल, भोजपुर सहित अन्य जिलों के एक-दो स्थानों पर वर्षा की संभावना है और किशनगंज के एक दो इलाकों में आज भारी बारिश की संभावना है।
पटना में कैसा रहेगा मौसम
पटना शहर में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे। एक या दो बौछारें भी देख सकता है, इसके साथ ही चमक-गरज वाली तेज बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने बिजली चमकने और गिरने की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया है। आज पटना का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। हवा में नमी का आंकड़ा 80 फीसदी तक जा सकता है।
