Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 14-July-2025: बिहार में पिछले कुछ दिनों से बारिश की रफ्तार में कमी देखने को मिल रही है। जिसके कारण लोग उमस और गर्मी से परेशान हो रहे हैं। लेकिन जल्द ही मौसम करवट बदलने वाला है। बुधवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। जिससे अधिकतर जिलों में बारिश होने के आसार हैं। साथ ही तापमान में भी गिरावट आ सकती है। फिलहाल आज भी कुछ जिलों में बारिश का अनुमान जताया गया है। लेकिन शेष जिलों के लोगों को उमस की मार झेलनी पड़ सकती है।
बिहार का मौसम
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल, मधुबनी, किशनगंज, अररिया, कटिहार और पूर्णिया में एक या दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ जगहों पर ठनका गिरने के आसार हैं और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बिहार में 15 और 16 जुलाई को बिहार के ज्यादातर हिस्सों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही कुछ जगहों पर 30 से 40 किमी की हवाएं और बिजली गिरने के भी आसार हैं।
समस्तीपुर में हुई सबसे अधिक बारिश
बिहार में रविवार को 11 जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक बारिश समस्तीपुर में हुई। जहां 21.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी देखी गई। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान मोतिहारी में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं गया जी और फारबिसगंज में सबसे कम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। मंगलवार से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी आने की संभावना जताई जा रही है।
पटना में आज कैसा रहेगा मौसम
पटना में आज आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। इस दौरान एक-दो जगहों पर बिजली गिरने और हल्की बारिश होने की भी संभावना है। रविवार को पटना में लोगों को भीषण गर्मी ने परेशान किया। रविवार को सूरज की तल्खी और आर्द्रता का स्तर 67 फीसदी रहने से लोगों को तेज गर्मी महसूस हुई। वहीं शाम को तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हो गई। जिससे लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिली।
