एजुकेशन

Shikshak Samadhan Portal: बिहार में शिक्षकों के लिए शुरू होगा ‘शिक्षक समाधान पोर्टल’, महीनेभर में दूर होंगी समस्याएं

बिहार सरकार शिक्षकों की समस्याओं को जल्द दूर करने के लिए ‘शिक्षक समाधान पोर्टल’ शुरू करने जा रही है। यह पोर्टल 5 सितंबर 2026 यानी शिक्षक दिवस के दिन पटना में लॉन्च किया जाएगा।

Image

‘शिक्षक समाधान पोर्टल’ (Image - ChatGPT)

Shikshak Samadhan Portal: बिहार सरकार शिक्षकों की समस्याओं को जल्द दूर करने के लिए ‘शिक्षक समाधान पोर्टल’ शुरू करने जा रही है। यह पोर्टल 5 सितंबर 2026 यानी शिक्षक दिवस के दिन, पटना में लॉन्च किया जाएगा। इससे शिक्षकों की शिकायतों और परेशानियों का समाधान तय समय के अंदर किया जाएगा। सरकार ने शिक्षक समाधान पोर्टल के जरिए शिक्षकों की शिकायतों के समाधान के लिए 30 दिन की समयसीमा तय की है। यानी शिक्षक अपनी समस्या पोर्टल पर दर्ज करेंगे और संबंधित अधिकारियों को तय समय के अंदर उसका समाधान करना होगा।

अगर किसी शिक्षक की समस्या 30 दिन में हल नहीं होती है तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा। जरूरत पड़ने पर मामले की जांच भी की जा सकती है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के अनुसार, सरकार का मानना है कि अगर किसी शिक्षक को खुद किसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तो वह पूरी तरह से अपने काम पर ध्यान नहीं दे पाएगा। इसलिए शिक्षकों की समस्याओं को समय पर दूर करना जरूरी है।

एक ही जगह दर्ज कर सकेंगे अपनी शिकायत

शिक्षक समाधान पोर्टल शिक्षकों के लिए शिकायत दर्ज कराने का एक ऑनलाइन माध्यम होगा। शिक्षक अपनी समस्या या शिकायत इस पोर्टल के जरिए संबंधित विभाग तक पहुंचा सकेंगे। इससे उन्हें अपनी शिकायत के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी। सरकार का उद्देश्य है कि शिक्षकों की शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई हो और उन्हें समाधान के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।

शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को सम्मान

5 सितंबर को शिक्षक समाधान पोर्टल की शुरुआत करने अलावा राज्य के सभी जिलों से शिक्षकों को राज्य स्तर पर सम्मानित करने की भी तैयारी है। शिक्षा मंत्री ने कहा है कि शिक्षा विभाग में बड़े स्तर पर सुधार की दिशा में काम किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि मजबूत शिक्षा व्यवस्था बिहार के विकास की बुनियाद है।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article