पाटलिपुत्र यानी बिहार की राजधानी पटना और गोरखपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस पर हाल में पत्थरबाजी की एक और घटना सामने आयी है। ताजा घटना बिहार के पश्चिम चंपारण जिले की है। यहां पर पिछले 5 दिनों के दौरान तीसरी बार इस ट्रेन पर पत्थर फेंके गए हैं।
वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव
रविवार रात चनपटिया स्टेशन के अप होम सिग्नल के पास वंदे भारत ट्रेन की खिड़की और गेट के शीशे तोड़ दिए गए। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार भी किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान ऋतिक कुमार (21 वर्ष), हरीश कुमार (20 वर्ष), गोलू कुमार उर्फ अमित कुमार (18 साल) और भोज पटेल (35 साल) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी राइस मिल बनकट वार्ड नंबर 11 के निवासी हैं।
RPF के पोस्ट कमांडर ऋतुराज कश्यप ने जानकारी दी कि पत्थरबाजी की वजह से सी-5 कोच का अगला दरवाजा और सी-4 कोच की सीट 30, 31, 32 के सामने का शीशा टूट गया। ट्रेन के मैनेजर रवींद्र कुमार ने इस घटना के संबंध में FIR दर्ज कराई है। FIR में कहा गया है कि आरोपी रात में रेलवे ट्रैक पर आकर पोल पर पत्थर से निशाना लगा रहे थे।
जिस समय आरोपी पत्थर से पोल पर निशाना लगा रहे थे, उसी समय वहां से वंदे भारत एक्सप्रेस गुजरी। इस घटना ने रेलवे अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इससे पहले भी डाउन वंदे भारत पर पत्थरबाजी की घटनाएं हो चुकी हैं।
