Chapra Crime News: बिहार के छपरा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां अपराधियों ने एक हार्डवेयर कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने कारोबारी को घर से बाहर बुलाकर गोलियों से भून डाला। इस हत्या की सूचना मिलने ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
हार्डवेयर कारोबारी की हत्या
फोन करके घर से बाहर बुलाया
वारदात रविवार रात एकमा थाना क्षेत्र के हंसराजपुर गांव में हुई। मृतक की पहचान रौशन सिंह (30 वर्ष) के तौर पर हुई है, जो प्रियरंजन सिंह उर्फ सोनम सिंह के पुत्र थे। जानकारी के अनुसार रौशन सिंह रात को अपनी दुकान बंद कर घर लौटा था, तभी अपराधियों ने उसे फोन किया और घर के बाहर बुला लिया। बाहर जाते ही घात लगाए बदमाशों ने उसपर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
घटनास्थल पर दिखे थे 3 संदिग्ध
गोली लगने के कारण रौशन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटनास्थल पर एक बाइक खड़ी थी। जिसके आसपास 3 संदिग्ध लोग देखे गए थे। इन्हीं लोगों ने रौशन को गोली मारी। लेकिन अंधेरा होने के कारण हमलावरों की सही पहचान नहीं हो सकी। इस घटना से रौशन सिंह के परिवार में मातम पसरा है। उसकी मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हत्या ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
