Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 24 July 2025: कुछ दिनों से बिहार भीषण गर्मी और उमस की चपेट में है। दिन हो या रात लोग गर्मी से परेशान हैं और तापमान 38.2°C तक पहुंच गया है। उमस के कारण स्थिति और ज्यादा दयनीय हो गई है। मंगलवार को पूरे राज्य में एक बूंद भी बारिश नहीं हुई, जिससे हालात और बिगड़ गए। हालांकि, अब राहत के आसार नजर आ रहे हैं। आज से बिहार के मौसम में बदलाव की संभावना है और कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।
बिहार में आज का मौसम
जानकारी के मुताबिक, यह सिलसिला अगले 5 दिनों तक जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने आंधी, बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD पटना की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार सुबह रोहतास, औरंगाबाद, वैशाली, पटना, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, सारण और गया जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया। वहीं भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद और गया जिलों में अगले तीन घंटों के भीतर वज्रपात और बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में रहेगा ऑरेंज अलर्ट
आज यानी 24 जुलाई को बिहार में मौसम ने करवट ले ली है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर सुबह से ही बारिश देखने को मिल रही है। किशनगंज, अररिया, भागलपुर, बांका और जमुई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पटना, गया, जहानाबाद, पूर्णिया समेत पूर्वी और दक्षिण मध्य बिहार के 19 जिलों में वज्रपात के साथ तेज बारिश के आसार हैं, जिसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
बिहार में मंडरा रहा बाढ़ का खतरा
बिहार के कई जिले इन दिनों बाढ़ की चपेट में हैं, जहां कई घर नदी में समा चुके हैं। हाल ही में हुई बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर पटना के दीघा घाट पर 9 सेमी और गांधी घाट पर 5 सेमी घटा जरूर है, लेकिन गांधी घाट पर जलस्तर अब भी लाल निशान से 38 सेमी ऊपर बना हुआ है। जेपी गंगा पथ पर अब भी पानी चढ़ा हुआ है और उत्तर पटना मेट्रो के कास्टिंग यार्ड में पानी भर जाने के कारण काम बंद करना पड़ा है। वहीं, खगड़िया में बूढ़ी गंडक, कोसी, महानंदा और गंडक नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच चुका है।
