Bihar News: बिहार में आने वाले तीज-त्योहारों के दौरान घर लौटने वाले प्रवासी लोगों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने छठ, दुर्गा पूजा और दिवाली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ और टिकट संकट को देखते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के समय यात्रा को सहज और सुलभ बनाना है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके दी जानकारी (फाइल फोटो)
खरीदी जाएंगी बसें
मुख्यमंत्री ने हाल ही में 24 जून 2025 को आयोजित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में इस योजना को मंजूरी दी। इसके तहत सरकार द्वारा 299 अंतरराज्यीय बसों के संचालन की व्यवस्था की जा रही है, जिनमें 75 एसी और 74 डीलक्स बसें शामिल होंगी। इनकी खरीद पर राज्य सरकार 105.82 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके अतिरिक्त, पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत 150 और एसी बसें चलाई जाएंगी।
लाखों लोगों को फायदे की उम्मीद
इस योजना का सीधा लाभ दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में काम कर रहे बिहार के लाखों प्रवासी श्रमिकों और नागरिकों को मिलेगा, जो हर साल त्योहारों में अपने गांव-घर लौटने के लिए जद्दोजहद करते हैं। ट्रेनों में टिकट मिलना कठिन हो जाता है और फ्लाइट के किराए आम यात्रियों की पहुंच से बाहर हो जाते हैं।
नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि बिहार आने वाले लोगों की यात्रा को सरल बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। विधानसभा चुनावों के ठीक पहले इस तरह की घोषणाएं आए दिन सुनाई दे रही हैं, लेकिन इन बसों का संचालन यात्रियों को न सिर्फ सुविधा देगा, बल्कि त्योहारों की खुशियों को और सहज बना देगा।
