पटना: दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने तेजस्वी को आधिकारिक यात्रा पर जापान जाने की अनुमति पर मुहर लगा दी है। उन्होंने, 24 अक्टूबर से एक नवंबर 2023 तक जापान यात्रा की इजाजत मांगी थी। इसके अलावा सोमवार 16 अक्टूबर को कोर्ट में सुनवाई में लालू परिवार को भी पेशी से राहत मिली है। कोर्ट ने अगले सुनवाई की तारीख नवंबर में तय की है।
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव
दरअसल, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की नौकरी के बदले जमीन घोटाला करने वाले मामले में कोर्ट में सुनवाई हुई। इससे पहले नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले को लेकर कोर्ट ने लालू परिवार को दो बड़ी राहत दी हैं। पहली तो लालू यादव परिवार को सुनवाई के लिए कोर्ट में स्वयं उपस्थित नहीं होना पड़ेगा।दूसरी राहत देते हुए कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई की तारीख दो नवंबर तक बढ़ा दी है।
लालू परिवार को राहत
नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में तात्कालीन रेलमंत्री लालू यादव, उनकी पत्नी पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, लालू की बेटी और सांसद मीसा भारती समेत अन्य आरोपियों को कोर्ट ने सुनवाई के दौरान राहत दी है। इससे पहले भी कोर्ट ने लालू परिवार और अन्य को 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दी थी। इस घोटाला मामले में 16 अक्टूबर की सुनवाई में सीबीआई के वकील के अलावा लालू यादव परिवार और अन्य आरोपियों की ओर से आरोप तय किए जाने से पहले दलीलें दी जानी थीं। इसी दौरान कोर्ट ने मामले में अगली तारीख देते हुए तेजस्वी यादव को विदेश जाने की अनुमति दे दी है।
