Bihar Aaj Ka Mausam: बिहार में घने कोहरे और बर्फीली पछुआ हवाओं के बीच हल्की धूप निकलने से पटना सहित कई जिलों के लोगों को मामूली राहत जरूर मिली है, लेकिन ठंड और कनकनी का असर अभी भी बरकरार है। दिन और रात के तापमान में महज दो डिग्री का अंतर होने से ठिठुरन बढ़ गई है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक कुमार गौरव ने बताया कि राज्य के 12 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिसके चलते इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भारी असर पड़ा है। कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि फ्लाइट्स में भी देरी हो रही है।
फाइल फोटो।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ टर्फ के रूप में समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर स्थित है, जबकि एक चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और भू-मध्य रेखीय हिंद महासागर में डेढ़ किमी ऊपर सक्रिय है। इसके साथ ही समुद्र तल से 12.5 किमी ऊपर 145 नॉट की रफ्तार से जेट स्ट्रीम बह रही है। इन मौसमी गतिविधियों के संयुक्त प्रभाव से राज्य के उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि शेष हिस्सों में मध्यम स्तर का कोहरा देखा गया है।
तापमान में गिरावट जारी
पछुआ हवाओं के चलते तापमान में गिरावट जारी है। 09 जनवरी को बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया, मुंगेर, बांका और जमुई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। बाकी 26 जिलों में मध्यम स्तर का कुहासा देखा गया। न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
कहां कितना रहा तापमान
08 जनवरी को दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिली, लेकिन दिन का सर्वाधिक तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस गया में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 9 सेल्सियस छपरा में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे का असर जारी रहेगा। हालांकि, न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि होने का अनुमान है। रात का तापमान 08 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
