Bharat Band Patna News: केंद्र सरकार की कथित मजदूर-विरोधी और कॉरपोरेट समर्थक नीतियों के विरोध में देशभर में 9 जुलाई को 'भारत बंद' का आह्वान किया गया है। 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और उनके सहयोगी संगठनों की ओर से बुलाई गई इस हड़ताल में करीब 25 करोड़ कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है। इसका असर बैंकिंग, बीमा, डाक, परिवहन, कोयला खनन और निर्माण क्षेत्रों सहित कई प्रमुख सेवाओं पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन बिहार पर इसका क्या असर होगा, आइए जानते हैं।
भारत बंद का पटना में क्या पड़ेगा असर (फोटो: Canva)
किन सेवाओं पर पड़ेगा असर?
हड़ताल में बैंक, बीमा, डाक सेवाएं, कोयला खनन, सरकारी निर्माण कार्य, सरकारी परिवहन सेवाएं और कई फैक्ट्रियों के कर्मचारी भाग लेंगे। इसके चलते कई बिहार के कई बड़े शहरों, मसलन पटना, गयाजी, भागलपुर में कई सरकारी सेवाएं बाधित हो सकती हैं।
अस्पताल, रेलवे, बाजार, मॉल, निजी कार्यालय और स्कूल कॉलेजों को इससे बाहर रखा गया है। लेकिन राजधानी पटना में नए ट्रैफिक नियम के विरोध में ऑटो संघ ने भी आज और कल, यानी 8 और 9 जुलाई को हड़ताल पर जाने का फैसला लिया था। जिसका असर ऑटो से स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों पर पड़ सकता है।
विपक्ष का भी समर्थन
इस हड़ताल को सिर्फ शहरी श्रमिकों का ही नहीं, बल्कि किसान संगठनों और ग्रामीण मजदूर यूनियनों का भी समर्थन मिल रहा है। इसी के साथ विपक्ष भी इसके समर्थन में है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कल कहा, “9 तारीख को राहुल गांधी और हम, दोनों मिलकर चक्का जाम करेंगे। बिहार में जिस तरह से गरीबों के अधिकार, मत का अधिकार छीनने की कोशिश की जा रही है। हम उनके हक के लिए चक्का जाम करेंगे और ट्रेड यूनियनों का भी पूरा साथ देंगे।”
