Best Places to Visit in Patna 2023: पटना का मरीन ड्राइव कहा जाने वाला जेपी गंगा पथ सिर्फ पटना ही नहीं आसपास के शहरों के लोगों के लिए भी शानदार पिकनिक स्पॉट है। सर्दियों की छुट्टियों के साथ ही यहां वीकेंड पर बड़ी संख्या में लोग आते हैं। अब लोगों की सुरक्षा के लिए भी प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। दो दिन पहले जेपी गंगा पथ पर दर्जन भर युवाओं द्वारा एक युवक को बेरहमी से पीटे जाने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस विभाग ने जेपी गंगा पथ पर आउट पोस्ट खोला है। इस पोस्ट में तीन पुलिस अधिकारी और 15 जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। हर शिफ्ट में एक अधिकारी और 5 जवान यहां तैनात रहेंगे। मार्ग पर रैश ड्राइविंग एवं स्टंट करते पकड़े जाने पर चालक के ऊपर जुर्माना एवं केस दर्ज किया जाएगा।
जेपी गंगा पथ, जिस पर खोला गया है आउट पोस्ट
एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने आउट पोस्ट का निरीक्षण किया। विभाग के मुताबिक अगले एक महीने में इस मार्ग पर एपीआर कैमरे भी लगा दिए जाएंगे। इस कैमरे में फोटो कैद होने पर वाहन मालिकों को जुर्माने की ऑनलाइन रसीद मिल जाएगी। आउट पोस्ट में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश मिला है कि इस मार्ग पर कोई भी वाहन संदिग्ध लगे तो उसे रोक कर सख्ती से पूछताछ करें एवं पूरी तरह सत्यापित कर लेने के बाद ही छोड़ें।
