गया : टिकरी विधानसभा में प्रचार के लिए पहुंचे 'हम सेकुलर' के प्रत्याशी और प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार पर हमला कर दिया गया। यह घटना बुधवार को कोच थाना क्षेत्र के दिघौरा गांव में देर शाम हुई। चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे अनिल कुमार के साथ ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के विषय पर सवाल जवाब शुरू किया, जो बाद में तीखी बहस में बदल गई। इसी क्रम में असामाजिक तत्वों ने 'हम' प्रत्याशी अनिल कुमार और उनके समर्थकों पर अचानक पथराव शुरू कर दिया।
अनिल कुमार (हम कैंडिडेट)
इस घटना में प्रत्याशी और उनके समर्थकों को संभलने का मौका नहीं मिला। घटना में अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ और सिर में गंभीर रूप से चोटें आई हैं। उनके समर्थकों पर भी हमला हुआ, जिसमें कई समर्थक घायल हैं। जानकारी के अनुसार उनकी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दी गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया। गांव को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। पुलिस इस घटना में संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस हम प्रत्याशी अनिल कुमार को सुरक्षा व्यवस्था के बीच इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया है।
