Bihar Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार में मॉनसून की विदाई के बाद गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। साथ ही रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में तापमान में थोड़ी और कमी आ सकती है। हालांकि अभी भी इस साल तापमान पिछले साल की तुलना में अधिक है। पिछले साल 15 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री दर्ज हुआ था। वहीं न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री था। आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की-फुल्की बारिश होने के आसार हैं। बाकी के हिस्से में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
बिहार का मौसम
ये भी पढ़ें - Delhi NCR Weather: राजधानी दिल्ली में गुलाबी ठंड की दस्तक, आबोहवा भी बिगड़ी; जानें आज का मौसम
आज 12 जिलों में बूंदबांदी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आज 12 जिलों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। ये जिले सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, भागलपुर, बांका, जमुई, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, मुंगेर और खगड़िया हैं। प्रदेश के बाकी हिस्से में मौसम शुष्क रह सकता है। बिहार में आज सभी जिलों का अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।
बेगूसराय में रहा सबसे अधिक तापमान
मंगलवार को बिहार में सबसे अधिक तापमान बेगूसराय में रहा। यहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान डेहरी में 20.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बीते 24 घंटे में पटना में रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। यहां का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा।
पटना में आज कैसा रहेगा मौसम
पटना में आज आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार आज पटना में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है। पटना में 19 अक्टूबर तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। जिसके बाद 20 और 21 अक्टूबर को आसमान में बादल छाने के साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है।
