Patna Jp Ganga Path Park and Mall: जेपी गंगा पथ पर हर दिन सैकड़ों लोग घूमने आते हैं। इस मार्ग से हजारों वाहनों का भी परिचालन हो रहा है। इसके मद्देनजर सरकार ने इस पथ को और विकसित करने का निर्णय लिया है। जेपी गंगा पथ पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे यहां आने वाले लोगों को पिकनिक स्पॉट का अनुभव होगा। स्टेडियम, रेस्टोरेंट, कैफेटेरिया, मॉल, कल्चरल और रिक्रिएशनल सेंटर, म्यूजियम, मल्टी स्टोरी पार्किंग, किड्स और सीनियर सिटीजन पार्क, वाटर स्पोर्ट एक्टिविटी, साइकिलिंग ट्रैक आदि बनाया जाएगा।
पटना जेपी गंगा पथ
इन सभी चीजों के निर्माण को लेकर प्रक्रिया चल रही है। 11 मार्च तक ऑनलाइन एजेंसियां आवेदन कर सकती हैं। 13 मार्च को हार्ड कॉपी जमा करनी है। इस टेंडर के जरिए काम करने के अनुभव आधार पर एजेंसी चुनी जाएगी। पथ निर्माण विभाग के अधिकारी का कहना है कि अभी जॉगिंग ट्रैक पर दुकानें संचालित की जा रहीं हैं। इन दुकानों को उत्तर किनारे हाट बनाकर शिफ्ट किया जाना है। वहीं, पथ के दक्षिण 2000 गाड़ियों के लिए पार्किंग बनाई जाएगी। पथ पर आने वाली गाड़ियां पार्किंग में खड़ी की जाएंगी। हाट में पहुंचने के लिए एक अंडरपास भी बनाया जाएगा।
