Patna Firing: अनिल यादव पर हमले के बाद तेजस्वी यादव का सम्राट चौधरी पर हमला, मेदांता पहुंचकर बोले- बिहार में जाति देखकर हो रही फायरिंग

Patna News: पटना के बुद्धा कॉलोनी में बुधवार शाम को जनसुराज नेता अनिल यादव को घर में घुसकर बदमाशों ने गोली मार दी। घायल नेता से मिलने मेदांता अस्पताल पहुंचे राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में जाति देखकर राजनीति और हत्याएं हो रही हैं।

Patna News: बुधवार की शाम बिहार की राजधानी पटना के पॉश इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अज्ञात नकाबपोश अपराधियों ने जनसुराज पार्टी के नेता और पूर्व निगम पार्षद अनिल यादव को उनके घर में घुसकर ताबड़तोड़ गोलियों से भून दिया। गंभीर रूप से घायल अनिल यादव को इलाज के लिए पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की खबर मिलते ही देर रात जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर अस्पताल पहुंचे और घायल नेता का हालचाल जाना। इसके बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव भी अनिल यादव से मिलने पहुंचे।

Patna Firing Anil Yadav tejashwi Yadav statement

अनिल यादव का हालचाल लेने पहुंचे तेजस्वी (चित्र साभार: X/@yadavtejashwi)

मेदांता अस्पताल पहुंचे तेजस्वी, सरकार पर बरसे

अस्पताल में अनिल यादव और उनके परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में आज एक जाति को देखकर गोलियां मारी जा रही हैं और टारगेट किया जा रहा है। आरोपियों को भी जाति देखकर बनाया जा रहा है। किसी भी अपराधी की कोई जाति नहीं होती, लेकिन जब से सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने हैं, इसे जातीय रंग देने में लगे हैं और जाति-धर्म देखकर राजनीति कर रहे हैं। तेजस्वी ने राज्य की बदहाल कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आगे कहा कि राजधानी पटना में घर में घुसकर गोलियां मारी जा रही हैं। जब पटना के लोग ही सुरक्षित नहीं हैं, तो सोचिए पटना से बाहर बिहार के अन्य जिलों में क्या हालत होगी? बिहार इस समय पूरी तरह भगवान भरोसे है। सरकार में बैठे लोगों को कानून-व्यवस्था की कोई चिंता नहीं है। बलात्कार हों, हत्याएं हों या गोलियां चलती रहें, इन्हें सिर्फ अपने वोट से मतलब है। आगे तेजस्वी ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा, सम्राट चौधरी अगर अपने वादों के पक्के होते तो अब तक इस्तीफा दे चुके होते।

End of Feed