दिल्ली : मौजपुर मेट्रो स्टेशन के पास एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पैराएथलीट नीरज यादव सड़क किनारे अपनी कार के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नीरज यादव हरियाणा के सोनीपत में ऑनलाइन स्पोर्ट्स एकेडमी चलाते थे। पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर की रात करीब 12 बजकर 8 मिनट पर थाना जाफराबाद को जीटीबी अस्पताल से सूचना मिली कि एक व्यक्ति को अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
दिल्ली में पैराएथलीट नीरज यादव की संदिग्ध मौत
जांच के दौरान सामने आया कि नीरज यादव की दिसंबर 2025 से एक महिला से दोस्ती थी। महिला के बयान के मुताबिक, 27 अक्टूबर को वह नीरज से मिलने सोनीपत गई थी। वहां उसने नीरज को बताया कि अब वह आगे उनसे संपर्क में नहीं रह सकती। इसके बाद नीरज उसे अपनी स्कॉर्पियो-एन गाड़ी से दिल्ली के मौजपुर छोड़ने आए थे।
महिला के अनुसार, रात करीब 9 बजे उसे संदेह हुआ और वह मौजपुर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास पहुंची, जहां नीरज सड़क किनारे अपनी गाड़ी के पास पड़े मिले। इसके बाद महिला उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, नीरज यादव एक पैराएथलीट थे और सोनीपत में ‘अंशनीर स्पोर्ट्स एकेडमी’ के नाम से ऑनलाइन स्पोर्ट्स एकेडमी चला रहे थे। नीरज शादीशुदा थे और उनकी तीन साल की एक बेटी भी है। फिलहाल थाना जाफराबाद पुलिस बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई कर रही है। मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम को लेकर आगे की जांच जारी है।
उत्तर-पूर्वी जिले के डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया, "कल रात 12 बजे हमें सूचना मिली कि उनका शव जीटीबी अस्पताल में लाया गया है। एक लड़की उनका शव लेकर आई थी। लड़की पिछले साल से नीरज की दोस्त है। इनके बीच अनबन भी थी। मौजपुर मेट्रो स्टेशन पर ये साथ में आए थे। इसके बाद लड़की अपने भाई के साथ चली गई। बाद में जब नीरज से संपर्क नहीं हो पा रहा था तब लड़की मेट्रो स्टेशन पहुंची और नीरज को बेहोश पाया। नीरज को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
