Palwal Student Suicide News: हरियाणा के पलवल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 9वीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि स्कूल के प्रिंसिपल ने छात्र को सबके सामने पीटा और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। मृतक के पिता की शिकायत पर पलवल सिटी थाने में स्कूल प्रिंसिपल के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)
9वीं क्लास के बच्चे ने कथित तौर पर की आत्महत्या
शिकायतकर्ता लखन के मुताबिक, उनका बड़ा बेटा 15 वर्षीय दिवेश कालरा कॉलोनी इलाके के एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था, जबकि उनका छोटा बेटा गौरव उसी स्कूल में कक्षा 8 में पढ़ता है। पिता का आरोप है कि स्कूल प्रिंसिपल सोनू गुप्ता लंबे समय से उनके बच्चों से रंजिश रखते थे। शिकायत में कहा गया है कि शनिवार को दिवेश का किसी बात को लेकर एक सहपाठी से विवाद हो गया था। इसके बाद प्रिंसिपल ने दिवेश को अन्य छात्रों के सामने पीटा और उसका जीवन बर्बाद करने व सार्वजनिक रूप से अपमानित करने की धमकी दी।
प्रिंसिपल की पिटाई से आहत होकर उठाया कदम!
शिकायत में यह भी कहा गया है कि दिवेश की मां संध्या को भी स्कूल बुलाया गया और उन्हें भी अपमानित किया गया। इसके बाद दिवेश को उसकी मां के साथ घर भेज दिया गया, जबकि उसके भाई गौरव को स्कूल में ही रोककर धमकाया गया। परिजनों के अनुसार, मानसिक पीड़ा और लगातार प्रताड़ना से गहरे आहत दिवेश ने घर पहुंचकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक नीचे नहीं आने पर गौरव ऊपर देखने गया तो घटना का पता चला। परिजन तुरंत उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- मैनपुरी में बेटे की हैवानियत, घर के बंटवारे में माता-पिता को कार से कुचलकर मारा
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पलवल सिटी थाने के SHO प्रवीण कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्कूलों में बच्चों के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
