Rajkot News: गुजरात के राजकोट में पुलिस ने पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है और इनकी जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों में एक 50 वर्षीय महिला है जिसका नाम रिजवाना है। उसके साथ उसका 29 साल का बेटा जिशान भी हिरासत में लिया गया है।
राजकोट से गिरफ्तार पाकिस्तानी नागरिक
1999 में आई थी भारत
1992 में राजकोट जिले का निवासी मुनाफ टाटारिया वर्क परमिट पर पाकिस्तान गया था, जहां कराची में उसकी मुलाकात रिजवाना से हुई थी। दोनों ने पाकिस्तान में शादी कर ली, उसी दौरान उनका बेटा जीशान पैदा हुआ। 1994 में मुनाफ राजकोट वापस लौट आया। उसके पांच साल बाद, 30 जुलाई 1999 को रिजवाना भी अपने बेटे जीशान के साथ पाकिस्तानी पासपोर्ट के साथ भारतीय वीजा पर राजकोट पहुंची और फिर कभी वापस नहीं लौटी। पिछले 26 साल से रिजवाना और उसका बेटा जीशान राजकोट में रह रहे थे।
संदिग्धता की जांच कर रही है पुलिस
भारत में अवैध तौर पर रहते रहने के बावजूद रिजवाना ने 2021 में अपने बेटे जीशान की शादी कराई, जिसे 10 सितंबर 2022 को एक बेटा हुआ।
अब इन तीनों की जानकारी जैसे ही राजकोट पुलिस को मिली राजकोट लोकल क्राइम ब्रांच ने तीनों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। रिजवाना और जीशान के पास से पाकिस्तानी पासपोर्ट और एक्सपायर वीजा बरामद हुए हैं। अब पुलिस जांच में जुटी है कि उनके साथ कोई और आया था या नहीं और कराची की रहने वाली रिजवाना क्या किसी साजिश के तहत राजकोट में अवैध तौर पर रह रही थी।
