Smoke In Jaipur Jodhpur Intercity: नागौर जिले के गोटन रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को इंजन से धुआं निकलने के बाद जयपुर-जोधपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के यात्रियों में अफरातफरी मच गई। हालांकि, इस घटना से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। इंजन बदलने के बाद ट्रेन जोधपुर के लिए रवाना की गई।
क्या है मामला
राजस्थान के नागौर में आज कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। जयपुर जोधपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (22977) सुबह 6 बजे जयपुर से रवाना हुई, और नागौर जिले के गोटन रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के इंजन में अचानक धुआं निकलने लगा। लोगों ने जब यह देखा तो आग की आशंका से माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान ट्रेन को गोटन रेलवे स्टेशन से 2 किमी पहले रोकना पड़ा हालांकि, किसी तरह की दुर्घटना नहीं हुई। घटना की सूचना पर रेलवे के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली। जल्द ही रेलवे कर्मचारियों ने समस्या का पता लगा लिया और इंजन बदलने के बाद ट्रेन जोधपुर के लिए रवाना किया गया।
इंजन हो गया था ज्यादा गर्म
ट्रेन के इंजन से धुआं क्यों निकलने लगा इसके कारणों लेकर अभी जांच की जा रही है लेकिम उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने प्राथमिक जानकारी कहा कि इंजन के कुछ हिस्सों के अधिक गर्म होने के कारण धुआं निकला। उन्होंने कहा, "इंजन बदला गया और ट्रेन जोधपुर के लिए रवाना हुई।" ट्रेन सुबह छह बजे जयपुर से रवाना हुई और सुबह 11.10 बजे जोधपुर पहुंची। ट्रेन को गोटन स्टेशन के पास करीब एक घंटे तक रोका गया था, जिसके बाद वह रवाना हुई।
(इनपुट-पीटीआई)
