शहर

राजकोट के बाद हुगली से हुई पाकिस्तानी महिला की गिरफ्तारी, 45 साल पहले आई थी भारत

आज ही राजकोट से एक खबर आई कि एक पाकिस्तानी महिला 26 सालों से भारत में अपने बेटे के साथ रह रही थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और जांच शुरू की। इसके बाद एक खबर हुगली से आई है जहां 1980 से एक पाकिस्तानी नागरिकता की महिला भारत रह रही थी।

Image

सांकेतिक तस्वीर

Hugli News: पश्चिम बंगाल पुलिस ने शनिवार को हुगली जिले से एक पाकिस्तानी महिला को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के मुताबिक, महिला 1980 में पर्यटक वीजा पर भारत आई थी और तबसे हुगली जिले में रह रही थी। उसने एक भारतीय से शादी की है। महिला को हिरासत में लेकर पाकिस्तान छोड़ने की तैयारी चल रही है।

एक अधिकारी ने बताया कि फातिमा बीबी 1980 में पर्यटक वीजा पर भारत आई थी और 45 साल से अधिक समय से चंदननगर के कुथिरमठ क्षेत्र में रह रही थी। फातिमा का पति मुजफ्फर मलिक एक भारतीय नागरिक है। उसने पत्रकारों को बताया कि फातिमा ने भारतीय नागरिकता के लिए कई बार आवेदन किया था, लेकिन उसे मंजूरी नहीं मिली।

अधिकारियों ने बताया कि चंदननगर पुलिस आयुक्तालय की नियमित जांच के दौरान भारत में फातिमा की मौजूदगी का पता चला। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने महिला को हिरासत में ले लिया है और उसके प्रत्यर्पण की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

हालांकि, फातिमा की बेटी ने दावा किया कि उसकी मां के पास भारतीय आधार और पैन कार्ड हैं और वह देश में छिपकर नहीं रह रही थी।

उसने कहा कि, “मेरी मां (फातिमा) का जन्म हुगली के नालिकुल में हुआ था और वह बचपन में अपने पिता के साथ पाकिस्तान चली गई थीं। 1980 के दशक में वह भारत लौटीं और तब से यहीं रह रही हैं। पाकिस्तान में उनका कोई रिश्तेदार नहीं है और उन्होंने कई बार कानूनी तौर पर नागरिकता के लिए आवेदन किया, लेकिन प्रक्रियागत कारणों से उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया गया।”

(इनपुट-भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article