Odisha: ओडिशा के रायगढ़ा जिले से एक बेहद हैरान और विचलित करने वाली वारदात सामने आई है। यहां सिर्फ 'बच्चा चोर' होने के महज एक झूठे संदेह में सैकड़ों लोगों की उग्र भीड़ ने कानून को अपने हाथ में ले लिया। भीड़ ने एक युवती और उसके सहकर्मी पर न सिर्फ जानलेवा हमला किया, बल्कि युवती के साथ अमानवीय बर्ताव करते हुए उसके कपड़े तक फाड़ दिए।
दिल्ली की NGO वर्कर हैं पीड़ित
गूगल मैप के सहारे चल रहे थे, भटक गए रास्ता
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवती और उसका पुरुष सहकर्मी एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) से जुड़े हैं। दोनों अपने काम के सिलसिले में ओडिशा आए हुए थे और स्कूटी पर सवार होकर यात्रा कर रहे थे। अनजान इलाका होने के कारण वे रास्ता खोजने के लिए 'गूगल मैप' (Google Map) का सहारा ले रहे थे। डिजिटल मैप के निर्देशों का पीछा करते हुए दोनों गलती से रायगढ़ा जिले के कल्याणसिंहपुर इलाके में पहुंच गए। पीड़िता ने बताया कि जब वे वहां पहुंचे तो उन्होंने स्थानीय लोगों से आगे का रास्ता पूछने की कोशिश की। लेकिन, बाहरी राज्य का होने और भाषा के अंतर के कारण कुछ स्थानीय लोगों को उन पर 'बच्चा चोर' होने का शक हो गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR के मौसम को लेकर आई चेतावनी; IMD और एक्सपर्ट्स का अनुमान- तेज हवाओं के साथ होगी झमाझम बारिश
स्कूटी की चाबी छीनी, बाल खींचकर घसीटा और कपड़े फाड़े
इसके बाद जो हुआ उसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। पीड़िता के आरोप के अनुसार, संदेह होते ही कुछ लोगों ने जबरन उनकी स्कूटी की चाबी निकाल ली और उनसे पहचान पत्र (ID Card) दिखाने का दबाव बनाने लगे। डरे-सहमे दोनों कर्मी जब वहां से किसी तरह निकलने की कोशिश करने लगे, तो कुछ ही दूरी पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। बर्बरता से मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने युवती के बाल खींचे, जमीन पर घसीटा और कपड़े तक फाड़ दिए। युवती के साथी को भी बेरहमी से पीटा गया।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान, पुलिस ने दर्ज की कई FIR
जब स्थिति पूरी तरह बेकाबू होने लगी, तो कुछ स्थानीय नागरिकों ने बीच-बचाव किया। उन्होंने भीड़ के चंगुल से दोनों लहूलुहान पीड़ितों को छुड़ाया और एक सुरक्षित स्थान पर ले जाकर पुलिस को इस बात की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और दोनों घायल कार्यकर्ताओं को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि इस शर्मनाक घटना के संबंध में कई FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस इलाके के वीडियो फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर दोषियों की पहचान कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
