Odisha Road Accidents: रविवार को ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में हुए तीन सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई और 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, संबलपुर जिले के धनुपाली थाना क्षेत्र में एनएच-55 पर एक कार खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई।
ओडिशा में कई सड़क दुर्घटनाएं हुईं
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने बर्ला मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सोनपुर जिले के बिनीका क्षेत्र में हुए एक अन्य हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई। उनकी मोटरसाइकिल एक वैन से टकरा गई। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
तीसरी घटना अंगुल जिले के बनारपाल थाना क्षेत्र में हुई, जहां बाइक सवार दो दोस्तों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उसी दिन गंजाम जिले के दिगपहंडी थाना क्षेत्र के झाटीपिटिया के पास मिनीबस और वैन की आमने-सामने टक्कर में 15 से अधिक लोग घायल हो गए।
पुलिस और फायर सर्विस कर्मियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इसके अलावा, गजपति जिले के आर उदयगिरि थाना क्षेत्र में महेंद्रगढ़ के पास एक मोटरसाइकिल पुल से करीब 25 फीट नीचे गिर गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
