Noida Bomb Threat: नोएडा में सोमवार को करीब एक दर्जन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं। जिसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्कूल परिसरों की जांच की जा रही है।
नोएडा के स्कूलों को बम की धमकी (सांकेतिक फोटो)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Prayagraj News: दरोगा ने रिश्वत में कुर्सी-टेबल के लिए 35 हजार के साथ ही मांगे गाय-भैंस और कुत्ता
किन स्कूलों को मिली बम की धमकी
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 11 बजे स्कूलों को धमकी दिए जाने की सूचना मिली थी। धमकी मिलने वाले स्कूलों में सेक्टर-16 स्थित एपीजे स्कूल, स्टेप बाय स्टेप और डीपीएस जीबीएन समेत अन्य स्कूल शामिल हैं। एक साथ कई शिक्षण संस्थानों को निशाना बनाए जाने की खबर से स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर कुछ स्कूलों ने बच्चों को घर भेजना शुरू कर दिया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - पंजाब-हरियाणा में बारिश से किसानों को भारी नुकसान, अनाज मंडियों में जलभराव से धान बर्बाद, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने संभाला मोर्चा
धमकी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा टीमों ने स्कूल परिसरों में संदिग्ध वस्तुओं की गहनता से तलाश शुरू की। बम निरोधक दस्ते के साथ डॉग स्क्वॉड ने भी जांच की। किसी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की टीमों को भी मौके पर तैनात किया गया। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी किस माध्यम से भेजी गई और इसके पीछे किसका हाथ है। साथ ही, जांच की जा रही है कि सभी स्कूलों को एक ही संदेश के जरिए निशाना बनाया गया था या धमकियां अलग-अलग माध्यमों से भेजी गईं। फिलहाल अधिकारियों की ओर से किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।
