Noida Airport: नोएडा एयरपोर्ट पर जैसे-जैसे पहली उड़ान का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे सुरक्षा व्यवस्था को भी चाक-चौबंद किया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के लिए एयरपोर्ट पर थाने बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। थाने के लिए ग्राउंड कवरेज और फ्लोर एरिया शो (FAR) को बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिससे थाने को चार मंजिला ऊंचा बनाया जा सकेगा। फिलहाल नोएडा एयरपोर्ट पर तैनात किए जाने वाले 131 पुलिसकर्मियों का फिलहाल लखनऊ में प्रशिक्षण जारी है। इस एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट अगले कुछ महीनों में शुरू होने की उम्मीद है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (फाइल फोटो)
1000 वर्गमीटर में बन रहा थाना
नोएडा एयरपोर्ट परिसर में प्रस्तावित थाने का निर्माण 1000 वर्गमीटर एरिया में किया जाना है। इस थाने के ग्राउंड कवरेज एरिया अब तक 30% निर्धारित था। जिसे बढ़ाकर 60% तक करने की तैयारी चल रही है। वहीं फ्लोर एरिया रेशो को 1.5% से बढ़ाकर 2.5% करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। जिसे पर 18 जून को होने वाली यमुना प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही थाने के निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा। यमुना प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट थाने के लिए ग्राउंड कवरेज और FAR बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार है। बोर्ड बैठक में स्वीकृति के बाद थाने का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। थाने के ग्राउंड कवरेज एरिया और फ्लोर एरिया रेशो के बढ़ने से इसे चार मंजिला ऊंचा बनाया जा सकेगा।
नोएडा एयरपोर्ट पर 131 पुलिसकर्मियों की तैनाती
नोएडा एयरपोर्ट पर सुरक्षा और सेवाएं सुचारू तरह से संचालित करने के लिए 131 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। गृह मंत्रालय के निर्देश के मुताबिक इन पुलिसकर्मियों को लखनऊ में स्पेशल ट्रैनिंग दी जा रही है। इन 131 पुलिसकर्मियों में से 11 निरीक्षक, 47 उपनिरीक्षक और 71 आरक्षी शामिल हैं। इनमें महिला पुलिसकर्मी भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। इन सभी पुलिसकर्मियों की उम्र 50 वर्ष से कम है। इन पुलिसकर्मियों को पासपोर्ट, वीजा जांच से लेकर यात्रियों की सुरक्षा तक का पूरा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
तीन घेरे में होगी सुरक्षा व्यवस्था
- पहला घेरा- CISF के पास सुरक्षा जिम्मेदारी
- दूसरा घेरा- एयरपोर्ट की निजी सुरक्षा
- तीसरा घेरा- यूपी पुलिस की सुरक्षा जिम्मेदारी
