Noida News: नोएडा पुलिस ने हवाला कारोबार में बड़ा खुलासा किया है। सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस ने ट्रैप लगाकर सेक्टर-55 से आठ हवाला कारोबारियों को करीब दो करोड़ रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया। इन आरोपितों की पहचान दिल्ली के संदीप वर्मा, विनय कुमार और विपुल, बंगाल के अभिजीत हजरा, अहमदाबाद के जयंती भाई, नोएडा के रोहित जैन, मुंबई के मिनेश शाह और इंदौर के अनुज के रूप में हुई है। इन सभी आरोपियों से पूछताछ में हवाला कारोबार के बारे में कई अहम खुलासे हुए हैं। बताया जा रहा है कि, पकड़ी गई नगदी सूरत के एक कारोबारी की है, जिसे नोएडा में डिलीवर करना था।
नोएडा पुलिस ने किया बड़े हवाला कारोबार का खुलासा (प्रतीकात्मक तस्वीर)
नोएडा पुलिस ने बताया कि, आरोपितों से पूछताछ में पता चला है कि, इस नगदी को सूरत से विपुल लेकर नोएडा आया था। पैसे भेजने वाले कारोबारी ने विपुल को बीस रुपये का एक नोट दिया था, जिसे दिखाकर पैसे की सही व्यक्ति को डिलीवरी करनी थी। जिस व्यक्ति को यह पैसे मिलने थे, उसे नोट का नंबर पहले ही बता दिया गया था। आरोपित से पूछताछ में पता चला है कि, ये आरोपी नोएडा के किसी बड़े उद्योगपति को दो करोड़ रुपये नगद देने आए थे, लेकिन इसके पहले ही पुलिस को इसकी भनक लग गई और ट्रैप लगाकर सभी आरोपियों को दबोच लिया गया।
