Noida Murder News : नोएडा से हैरान कर देने वाली एक घटना का खुलासा हुआ है। पता चला है कि यहां एक छोटा भाई उस वक्त अपने चचेरे बड़े भाई के खून का प्यासा हो गया जब उसने उसकी पत्नी से छेड़छाड़ कर दी। तैश में आकर युवक ने अपने ही भाई की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। खुद ही इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी भी आरेापी युवक ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल की। टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पुलिस ने बताया है कि घटना से मृतक के स्वजन को अवगत करा दिया गया है।
नोएडा में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या की। (सांकेतिक चित्र)
ये है पूरा मामला
नेपाल के काठमांडू का रहने वाला धर्मा धामी नामक युवक हाल ही में काम की तलाश में नोएडा आया था। थोड़े समय बाद ही उसे मजदूरी का काम मिल गया और वह अपने छोटे भाई किशन धामी के सेक्टर-27 स्थित घर में रहने लगा। किशन ने अपने ही चचेरे बड़े भाई पर आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार ऐसा हुआ कि जब धर्मा ने उसकी पत्नी से बदसलूकी की। शराब के नशे में वह घर आकर उससे (किशन की पत्नी) छेड़खानी करता था और फिर अभद्रता करता था।
सुनियोजित तरीके से की हत्या
किशन बड़े भाई की हरकतों से तंग आ चुका था। पुलिस को उसने बताया कि वह कई बार धर्मा को समझा चुका था जिसके बाद भी अपना बर्ताव सुधारने का नाम नहीं ले रहा था। एक दिन जब दोनों भाई साथ में बैठकर शराब पी रहे थे तभी धर्मा ने किशन की पत्नी के विषय में अभद्र बात कही, ये सुनते ही किशन आग बबूला हो गया और उसने डंडे से पीट-पीटकर धर्मा को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसने धर्मा के शव को ठिकाने लगा दिया।
आरोपी ने खुद ही दी जानकारी
पुलिस ने बताया है कि हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद की घटना की जानकारी दी। उसने नाले के पास शव पड़ा होने की बात कही। तभी मौके पर टीम पहुंची और आरोपी को पकड़कर थाने लाई, जहां उसने पूरा घटनाक्रम बताया। पुलिस का कहना है कि दोनों भाईयों के बीच विवाद पहले भी होता रहा है, लेकिन इस हत्याकांड के आधे घंटे के भीतर ही टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि धर्मा की पत्नी की कुछ साल पहले ही मौत हुई थी और उसका एक बेटा है, जो कि काठमांडू में ही रहता है।
